जाली डीओ नोट पर खरीद ली लाखों की गाड़ी

नेरचौक (मंडी)। बैंक से जाली लेटर पैड बनाकर लाखों की गाड़ी खरीदने का मामला सामने आया है। गाड़ी विक्रेता कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार गत बुधवार को एसबीआई नेरचौक ब्रांच के जाली डीओ नोट से शिवांश मोटर से सुंदरनगर निवासी जुबीन ने करीब 10 लाख की हुंडई गाड़ी खरीद ली। शिवांश मोटर के आरएम राम चंद्र शर्मा ने जब एसबीआई नेरचौक से पेमेंट के बारे में पूछा तो जालसाजी का मामला सामने आया। एसबीआई बैंक प्रबंधक रणदीप मेहता ने कंपनी के आरएम से दस्तावेज फैक्स करने को कहा। बैंक ने लेटर पैड, हस्ताक्षर और मोहर जाली पाए। इसके बाद कंपनी के आरएम रामचंद्र ने बल्ह थाना पुलिस को शिकायत दी। एसबीआई प्रबंधक रणदीप मेहरा ने कहा कि बैंक का लेटर पैड, मोहर और उनके हस्ताक्षर जाली हैं।
इधर, बल्ह थाना प्रभारी मदन धीमान ने कहा कि शिवांश मोटर के आरएम राम चंद्र शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर किया गया। आरोपी जुबीन के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 468, 471 के तहत केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।

Related posts