
चंडीगढ़
इंग्लैंड में कोरोना वायरस के नए रूप को लेकर हरियाणा स्वास्थ्य महकमे ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। इंग्लैंड से आने वाले हर शख्स का कोविड टेस्ट होगा। बिना जांच संबंधित व्यक्ति का हरियाणा में प्रवेश नहीं होगा। इसे लेकर हरियाणा स्वास्थ्य महकमे ने सभी जिलों के उपायुक्तों व सिविल सर्जनों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
उधर, केंद्र सरकार की ओर से भी इस संदर्भ में सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को गाइडलाइंस जारी की गई है। जिसके मुताबिक इंग्लैंड से आने वाले सभी यात्रियों की जांच एयरपोर्ट पर ही की जाएगी। ऐेसे लोगों को राज्यों में पहुंचकर क्वारंटीन भी किया जाएगा। इसी को आधार बनाकर हरियाणा स्वास्थ्य महकमे ने सभी जिलों के उपायुक्तों व सिविल सर्जन को इन दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। जो लोग पिछले कुछ दिनों में इंग्लैंड से आए हैं, उनसे भी कोविड जांच करवाने की अपील की गई है।
कोरोना से हरियाणा में दस और मरीजों की मौत
दूसरी ओर, हरियाणा में दस और मरीजों ने कोविड से संक्रमित होकर दम तोड़ दिया है। गुरुग्राम में एक, फरीदाबाद में एक, अंबाला में एक, पानीपत में एक, रेवाड़ी में दो, भिवानी में एक, झज्जर में दो, फतेहाबाद में एक मरीज की मौत संक्रमण से हुई है। अब तक प्रदेश में 2842 मरीजों की जान इस संक्रमण की वजह से जा चुकी है।
प्रदेश में 534 कोरोना के नए मरीज मिले हैं। जबकि 662 मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं। अब तक कुल 258731 मरीज संक्रमित हो गए हैं। जबकि 250502 मरीज ठीक हो चुके हैं। हरयिाणा में संक्रमण से रिकवरी दर 96.82 प्रतिशत हो गई है। संक्रमण की दर 6.06 प्रतिशत है। जबकि मृत्यु दर 1.10 प्रतिशत है। 179 मरीजों की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। एहतिहातन स्वास्थ्य महकमे ने 272651 लोगों को स्वास्थ्य निगरानी में रखा है। 7421 मरीजों की सैंपल रिपोर्ट का अभी इंतजार है। जबकि 5387 मरीज अभी तक सक्रिय हैं।
