जहरीला पदार्थ निगलने से युवक की मौत

ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव टक्का में एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय अमन शारदा निवासी टक्का ने रविवार दोपहर अचानक अज्ञात कारणों के चलते कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी हालत काफी बिगड़ गई। इसके चलते परिजनों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन युवक के शरीर में जहर की काफी ज्यादा फैल गया था। चिकित्सकों ने युवक को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक युवक अभी अविवाहित था। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि परिजनों और कुछ अन्य लोगों के बयान लिए जा रहे हैं।

Related posts