जमीन में गड़े जेवर निकालने के नाम पर 46 लाख की ठगी

जसपुर। देवी-देवताओं एवं महालक्ष्मी के साक्षात दर्शन कराकर घर के अंदर जमीन में गड़े सोने-चांदी, हीरे के जेवरात के करोड़ों रुपये के कलश निकालने का झांसा देकर 46 लाख रुपये ठगी करने के आरोपियों को यूपी पुलिस ने दबोच लिया। ठगी के दस महीने बाद थाना किरतपुर (बिजनौर) पुलिस को सफलता मिली है।
बीते मंगलवार की देर रात सिविल ड्रेस में थाना किरतपुर के आधा दर्जन पुलिस कर्मी स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बिना मुहल्ला जोशियान निवासी सुभाष जोशी, महेश जोशी पुत्रगण शिवदयाल जोशी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गए। बुधवार को अज्ञात युवकों द्वारा अपहरण किए जाने की घटना ने जोर पकड़ा। वहीं उनके घर के सदस्यों ने घटना से अनभिज्ञता जतायी। किरतपुर थाने में तैनात एसआई सर्वचंद्र ने बताया कि अगस्त 2012 में नई दिल्ली के रघुवीर नगर के विष्णु गार्डन निवासी वचन सिंह, सुरेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज करायी थी कि किरतपुर एवं जसपुर के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने घर में गड़े करोड़ों रुपये, सोने-चांदी का कलश निकाल कर देने का झांसा देकर दोनों से करीब 46 लाख रुपये ठगे थे।
दिल्ली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर थाना किरतपुर को जांच स्थानांतरित की थी। उन्होंने बताया कि सुभाष जोशी और महेश जोशी निवासी जसपुर एवं सचिन पुत्र शिवनाथ निवासी ग्राम भनेड़ा थाना किरतपुर को गिरफ्तार कर उनसे 50 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल बरामद किया है।

Related posts