
बैंकाक: थाईलैंड में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के हिंसक रूप अख्तियार करने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री यिंगलक शिनवात्रा को अपदस्थ करने के लिए प्रदर्शनकारी ‘जन तख्तापलट’ में लग गए हैं जिसके चलते उन्हें एक सुरक्षित पुलिस परिसर से भागने के लिए मजबूर होना पड़ा। अवरोधकों को तोडऩे और प्रधानमंत्री कार्यालय गवर्नमेंट हाउस की सुरक्षा के लिए लगाए गए कंटीले तारों को काटने की कोशिश कर रहे करीब 30,000 प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार की। ये लोग यिंगलक के सत्ता से हटने की मांग कर रहे हैं। वह 2011 में सत्ता में आई थी।
हालांकि, सरकार ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया है कि वह देश छोड़ कर भाग गई हैं लेकिन उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। प्रदर्शनकारी नेता सुतेप ताउगसबन ने कल से आम हड़ताल का आह्वान किया है। अन्य नेताओं ने प्रदर्शनकारियों से सरकारी कार्यालयों, छह टीवी स्टेशनों, पुलिस मुख्यालय और प्रधानमंत्री कार्यालय पर कब्जा करने की अपील की है। वे इसे जन तख्तापलट बता रहे हैं। विपक्षी डेमोक्रेट पार्टी के नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री सुतेप ने कहा कि आज एक अहम दिन है। हम सरकार के लिए अहम किसी भी स्थान पर जा सकते हैं और कल से उसे ठप कर सकते हैं क्योंकि कल से कोई भी कामकाज करने में सक्षम नहीं होगा।
