
कांगड़ा। स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माणधीन सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का कार्य 11 जनवरी तक पूरा करने के निर्देश दे दिए हैं। मंगलवार शाम टांडा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले डेढ़ सौ करोड़ की लागत से बन रहे छह मंजिला सुपर स्पेशियलिटी भवन का गहनता से निरीक्षण किया। कौल सिंह ने बताया कि भवन निर्माण के बाद संबंधित विभागों के लिए मशीनरी स्थापित की जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार से बात जारी है। मेडिकल कालेज टांडा में प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। सुपर स्पेशियलिटी और अस्पताल भवन में गैस लाइन बिछाई जाएगी, ताकि आक्सीजन के लिए गैस सिलेंडर खत्म होने पर रोगियों को परेशानी न उठानी पड़े। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कुनाल पत्थरी के समीप बस दुर्घटना में उपचाराधीन रोगियों का कुशलक्षेम भी पूछा। केंद्र सरकार में स्वास्थ्य सचिव डा. वीएम कटोच की उपचाराधीन माता का हाल भी स्वास्थ्य मंत्री ने पूछा। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में दाखिल रोगियों को उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
