
गाजियाबाद: दिल्ली के भावी मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि तमाम अड़चनों के बावजूद आम आदमी पार्टी जनता से किए वादों को पूरा करेगी। केजरीवाल का आज भी जनता दरबार जारी है और इसी जनता के बीच केजरीवाल ने कहा कि कोई कांग्रेस और बीजेपी का कोई भी विधायक मेरे संपर्क में नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि मेरे अपने ही विधायक मेरे संपर्क में हैं। इसी दोरान केजरीवाल ने कहा कि मेट्रो सेवा का विस्तार होना चाहिए।
केजरीवाल ने आज कौशांबी में अपने निवास के बाहर ‘जनता दरबार’ आयोजित किया जहां लोगों ने अपनी बिजली, पानी की दिक्कतों से उन्हें अवगत कराया। वहां मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘यह मेरी जीत नहीं है , आपकी जीत है । मुझे पता है कि आप में से अधिकतर लोग मुझे यहां बधाई देने आए हैं। लेकिन मैं कहूंगा कि यह आपकी जीत है ।’’ दरबार में भाग लेने वालों में वकील, इंजीनियर और छात्र शामिल थे। इनमें से कुछ लोगों ने केजरीवाल से दिल्ली पुलिस द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सुरक्षा लेने की अपील की।
