
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-मनाली के बीच इन दिनों आवाजाही करने वाले वाहन चालक अपने गाड़ी का डीजल टंकी चैक कर लें। नहीं तो आपको बीच रास्ते में ही फंसना पडे़गा। लाहौल के छुरपक पेट्रोल पंप में डीजल भारी ठंड से जाम हो गया है। लिहाजा एलपीएस प्रबंधन ने डीजल की आपूर्ति एक सप्ताह से बंद कर दी है। हालांकि अभी तक रोहतांग दर्रा छोटे-बडे़ वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल है। तेल की आपूर्ति बाहर से भी की जा सकती है, लेकिन एलपीएस प्रबंधन की दिक्कत यह हो गई कि पंप में डीजल जमने से वह इसकी आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। इससे डीजल वाहन चालकों को तेल की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। टैक्सी चालक जैसे-तैसे कुल्लू-मनाली के पंप से डीजल का जुगाड़ कर रहे हैं, लेकिन लाहौल घाटी में प्राइवेट वाहन चालकों की मुश्किल बढ़ गई है। पंप में तैनात कर्मचारियों ने बताया कि हालांकि उनके पास अभी पंप में 23 हजार लीटर से अधिक डीजल है। उनका कहना है कि तापमान में गिरावट के चलते डीजल जाम हो गया है, जिस कारण डीजल आपूर्ति बंद हो गई। उधर, एलपीएस के चेयरमैन चेतन आजाद ने बताया कि उनके पंप में डीजल का स्टाक तो पड़ा है, लेकिन तापमान में गिरावट के चलते डीजल जमना शुरू हो गया है। लिहाजा, वह आगामी सीजन तक डीजल की आपूर्ति नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि पंप में पेट्रोल देना अभी जारी है।
