
चंबा। जिले के जिन स्कूलों में आईटी एजूकेशन को शुरू किया गया है, उनमें छुट्टियों में भी आईटी की कक्षाएं चलती रहेंगी। इसके अलावा आईटी शिक्षकों को रेगुलर स्कूल में ड्यूटी करनी पड़ेगी। ऐसा न करने पर शिक्षकों की सैलरी लटक सकती है। जिले के 72 स्कूलों में आईटी एजूकेशन को शुरू किया गया है। इन स्कूलों में जनवरी व फरवरी माह में भी आईटी की कक्षाएं चलती रहेंगी। बारिश-बर्फबारी के दौरान भी आईटी शिक्षकों को ड्यूटी पर जाना होगा। साथ ही हर माह की 15 तारीख से पहले आईटी की फीस जमा करवानी होगी, तभी उनका वेतन जारी किया जाएगा। फीस जमा न करवाने पर वेतन रोक दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शिक्षा विभाग की ओर से आईटी विषय पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से प्रतिमाह 110 रुपये फीस ली जाती है। इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखने वाले आईआरडीपी से संबंधित छात्र-छात्राओं से 55 रुपये प्रतिमाह फीस ली जाती है। आईटी के जिला नोडल अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि निदेशालय के निर्देशानुसार आईटी प्रभारियों व शिक्षकों को छुट्टियो में भी स्कूलों में सेवाएं देनी पड़ेंगी। इसके अलावा हर माह आईटी फीस जमा करवानी होगी। ऐसा न करने पर आईटी शिक्षकों का वेतन रोक दिया जाएगा। उन्होंने जिले के समस्त स्कूलों के आईटी प्रभारियों से अपील की है कि छुट्टियों में भी समय पर आईटी फीस शिक्षा विभाग के पास जमा करवाएं।
