छितकुल में बारह दिन से छाया अंधेरा

सांगला (किन्नौर)। जिले के छितकुल में बारह दिन से बिजली की आपूर्ति पूर्ण रूप से ठप पड़ी है। लेकिन, बिजली बोर्ड अभी तक बिजली की आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। इसके चलते क्षेत्र के करीब छह सौ लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। लोग मजबूरी में मोमबत्ती के सहारे रातें काटने को विवश हैं।
क्षेत्रवासियों ग्राम पंचायत प्रधान छितकुल मुकेश नेगी, महिला मंडल प्रधान राज कुमारी नेगी, कारू युवक मंडल अध्यक्ष धमेंद्र नेगी, उपाध्यक्ष चंद्रकला नेगी, कोषाध्यक्ष जगमोहन नेगी, अरविंद नेगी, तुलसी राम नेगी, भाग सिंह नेगी, धर्म सिंह नेगी, यशवंत सिंह नेगी, सुनील नेगी, बंडीलाल नेगी, सरीना नेगी, कमल किशोर नेगी आदि ने बताया कि बिजली बोर्ड की लापरवाही के चलते क्षेत्र में 16 जून के बाद बिजली आपूर्ति पूर्ण रूप से ठप है। लोगों का कहना है कि अभी तक बिजली बोर्ड छितकुल के लिए बिजली की लाइनों पर काम तक शुरू नहीं कर पाया है। इससे साफ है कि बिजली बोर्ड बिजली आपूर्ति बहाल करने के मामले में कितना गंभीर है। लोगों ने बिजली बोर्ड और प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। इसके बारे में बिजली बोर्ड के एसडीओ सांगला नरेंद्र वर्मा ने बताया कि भारी बरसात से रकछम से छितकुल के बीच बारह खंभों सहित बिजली की तारें टूट गई हैं, जिसे दुरुस्त करने में समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि कड़छम-सांगला सड़क के बहाल होने के बाद तुरंत पोल लाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Related posts