छात्रा ने SIT को दिखाई वो जगह, जहां हुआ दुष्कर्म-शारीरिक शोषण, चिन्मयानंद का बेडरूम सील

नई दिल्ली

पीड़ित छात्रा और चिन्मयानंद
पीड़ित छात्रा और चिन्मयानंद
वो बेहद भावुक क्षण था। पीड़ित छात्रा की आंखों में आंसू थे। वे दोबारा उस आश्रम के अंदर थी, जहां उसने स्वामी चिन्मयानंद पर एक साल तक दुष्कर्म और शारीरिक शोषण होने का आरोप लगाया था। बीते दिन एसआईटी पीड़ित छात्रा को लेकर मुमुक्षु आश्रम पहुंची थी यहां छात्रा और स्वामी से अलग-अलग पूछताछ कर अन्य जानकारियां लीं और फोरेंसिक टीम ने स्वामी के बेडरूम और अन्य जगह से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए। उस घटनास्थल को भी देखा, जहां छात्रा ने अपने साथ दुष्कर्म और शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप लगाया है। छात्रा के शारीरिक शोषण के गंभीर आरोपों से घिरे पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद की मुश्किल और बढ़ गई है।विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गुरुवार देर रात तक स्वामी से करीब सात घंटे तक पूछताछ की। स्वामी का बेडरूम भी सील कर दिया गया। चिन्मयानंद के बिना अनुमति आश्रम से बाहर निकलने पर भी रोक लगा दी गई है। साथ ही जांच पूरी होने तक उनके शाहजहांपुर से बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित एसआईटी ने गुरुवार रात करीब एक बजे तक स्वामी चिन्मयानंद से पुलिस लाइंस में पूछताछ की। स्वामी के दिव्यधाम आवास स्थित बेडरूम को भी गुरुवार रात में ही सील कर दिया गया था। शुक्रवार को स्वामी के मुमुक्षु आश्रम और आावस पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी भी तैनात कर दिए गए।पुलिसकर्मियों को एसआईटी की अनुमति के बिना स्वामी को आश्रम से बाहर नहीं जाने देने की हिदायत दी गई है। एसआईटी ने शुक्रवार सुबह छात्रा के घर नोटिस भेजकर उसे जांच में शामिल होने के लिए तलब किया था। एसआईटी छात्रा को लेकर देर शाम तक आश्रम में मौजूद थी। बता दें कि अपनी संस्था के जरिए कई शैक्षिक संस्थान चलाने वाले चिन्मयानंद स्वामी पर छात्रा ने करीब एक साल तक दुष्कर्म करने और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। छात्रा के अचानक गायब हो जाने से यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया था। बाद में छात्रा को पुलिस ने राजस्थान से बरामद किया था।एसआईटी ने गुरुवार को उस कॉलेज के दो प्राचार्यों से भी पूछताछ की थी, जिसमें छात्रा पढ़ रही थी। छात्रा ने बुधवार को एसआईटी को एक पत्र लिखा था, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि कॉलेज के हॉस्टल में उसके कमरे को पुलिस द्वारा सील किए जाने से पहले चिन्मयानंद के समर्थकों ने कई सबूत गायब कर दिए थे। छात्रा के पिता ने भी आरोप लगाया था कि आरोपी के समर्थकों ने कमरे से कैमरायुक्त वे दोनों चश्मे गायब कर दिए हैं, जिनसे छात्रा ने चिन्मयानंद की तरफ से किए जा रहे शोषण का वीडियो बनाया था। इसके अलावा छात्रा ने आरोपी के समर्थकों पर उसकी छवि खराब करने वाली कुछ चीजें भी कमरे में रख देने का आरोप भी लगाया है।एसआईटी की जांच के मद्देनजर शुक्रवार को कॉलेज में अवकाश घोषित कर इसका नोटिस कॉलेज गेट पर चस्पा कर दिया गया। साथ ही एसएस कॉलेज और मुमुक्षु गेट पर पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया गया था। सबसे अधिक फोर्स मुमुक्षु आश्रम गेट पर लगी थी और छात्रा को आश्रम में इसी गेट से एंट्री कराई गई। टीम के अंदर आते ही पुलिस ने गेट बंद कर दिया। टीम के अंदर मौजूद रहने तक किसी को आश्रम में प्रवेश नहीं दिया गया।

मामले को एसआईटी देख रही है। इसलिए इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। स्थानीय पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई है- डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी

Related posts