
नाहन (सिरमौर)। शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद वीरेंद्र कश्यप ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की छह पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल भी थे। उन्होंने मिश्रवाला, माजरा, सैनवाला, पड़दूनी, रामपुर, माजरी, धौलाकुआं तथा कोलर में विकास कार्यों के लिए 17 लाख रुपये देने की घोषणा की। सांसद वीरेंद्र कश्यप ने लोगों की मांग पर मिश्रवाला में पंचायत घर के ऊपर हाल के लिए तीन लाख, माजरा में एक सामुदायिक भवन के लिए दो लाख, फतेहपुर में सामुदायिक भवन को दो लाख, सरस्वती मंदिर भवन को एक लाख, सैनवाला मेें नहर पर पुलिया बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इसके अलावा ट्यूबवेल के लिए डेढ़ लाख, पड़दूनी में दो ट्यूबवेलों के लिए डेढ़ लाख, रामपुर भारापुर पंचायत में दो ट्यूबवेलों के लिए डेढ़ लाख रुपये, पड़दूनी में रास्ता निर्माण के लिए डेढ़ लाख, धौलाकुआं में सामुदायिक भवन के लिए दो लाख, जबकि सामुदायिक भवन भारापुर के लिए एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इस मौके पर नाहन मंडल के अध्यक्ष दीन दयाल ने सांसद वीरेंद्र कश्यप की ओर से जारी विभिन्न लाखों रुपयों की घोषणा करने पर आभार व्यक्त किया।
महंगाई बनेगी कांग्रेस के पतन का कारण : सांसद
सासंद ने गांवों में लोगों को संबोधित करते हुए केंद्र की कांग्रेस सरकार पर कई प्रहार किए। उन्होंने कहा कि हर दिन नए-नए घोटाले उजागर हो रहे हैं। कांग्रेस का कार्यकाल घोटालों से घिरा हुआ है। कांग्रेस सरकार हर बार जनता को महंगाई का तोहफा दे रही है। सांसद ने कहा कि आगामी लोकसभा के चुनाव में केंद्र में एनडीए की सरकार बननी तय है। सरकार बनते ही सिलेंडरों पर से लगा बैन खत्म कर दिया जाएगा।
अटल का नाम हटाना दुर्भाग्यपूर्ण : डा. बिंदल
नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल ने प्रदेश की सरकार पर आरोप लगाया कि अटल स्वास्थ्य सेवा का नाम बदलकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा करने से प्रदेश के लोगों में रोष व्याप्त है। डा. बिंदल ने सरकार के इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे बदले की भावना से ग्रस्त बताया। इस दौरान लोगोें की समस्याओं को सुनाते हुए उन्होंने इन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
