छह दिन बाद भी सड़कें नहीं हुईं बहाल

कुल्लू। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला औट-लुहरी राज मार्ग-11 आनी की ओर से यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी से बर्फ हटाकर 10281 फुट ऊंचे जलोड़ी दर्रा तक सड़क से बर्फ हटा दी है। जबकि, दूसरी तरफ से लोनिवि बंजार का बर्फ हटाओ अभियान का काफिला दर्रा से पांच किलोमीटर पीछे सोझा तक पहुंचा है। आनी की ओर से बहाल हुए मार्ग से भले ही बाह्य सराज की जनता ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है, लेकिन बंजार से दर्रा के बहाल होने में अभी समय लग सकता है। आनी से दर्रा तक मार्ग के बहाल होने की पुष्टि लोनिवि आनी के अतिरिक्त सहायक अभियंता एमडी अकेला ने की है। उधर, छह दिन बाद भी जिला में बीस से अधिक ग्रामीण संपर्क मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो सके हैं। ऐसे में जिला के ग्रामीण लोगों को मीलों का पैदल सफर कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। बिजली सुविधा भी अभी तक चरमराई हुई है। जिले में दो दर्जन ट्रांसफार्मरों से बिजली आपूर्ति ठप चल रही है और बोर्ड इन्हें ठीक करने में जुटा हुआ है। बिजली बोर्ड कुल्लू के एसई प्रवेश ठाकुर ने कहा कि बर्फबारी से ठप बिजली सेवा को 95 फीसदी दुरुस्त कर दिया है। जो ट्रांसफार्मर बंद चल रहे हैं, उन्हें ठीक किया जा रहा है।

Related posts