
ऊना। पुलिस ने चोरी की बस खरीदने के आरोप में दो लोगों को पंजाब से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने रविवार को दोनों को अदालत में पेश किया। न्यायालय से जमानत मिलने पर पुलिस ने दोनों को रिहा कर दिया।
जानकारी के अनुसार एक अक्तूबर 2013 को ऊना नगर के वार्ड चार निवासी दिनेश कुमार ने धोखाधड़ी से बस चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने धारा 379, 420 एवं 406 के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने जांच के बाद मामले में धारा 411 भी जोड़ दी। चोरी की बस खरीदने के आरोप में जोगिंद्र सिंह निवासी वार्ड 12, सादोवाल रोड गढ़शंकर पंजाब एवं रविंद्र सिंह निवासी चंदपुरी रुड़की बलाचौर, जिला नवांशहर पंजाब को शनिवार देर शाम गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि दोनों को रविवार को अदालत में पेश करने पर जमानत पर छोड़ा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
