चुवाड़ी में जगह-जगह कूड़े के ढेर

चुवाड़ी (चंबा)। नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। पहले नपं कस्बे का कूड़ा-कचरा वन विभाग की भूमि में ठिकाने लगा रही थी। वन विभाग की रोेक लगने के बाद अब नपं ने दो दिसंबर से आज दिन तक चुवाड़ी कस्बे में पड़े कूड़े के ढेर ही नहीं उठाए हैं। हालत यह है कि जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों के कारण कस्बे की सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। कई दिनों से सड़कों व नालियों में कूड़ा पड़ा है, लेकिन इसे उठाया नहीं जा रहा है और न ही अभी तक कूड़ा ठिकाने लगाने की जगह तय हो पाई है। कस्बे के लिए कूड़ा संयंत्र न होने के कारण गंदगी फैलती जाएगी। अभी तो सर्दी है, लेकिन अगर यही हाल रहा तो बीमारी फैलने का खतरा पैदा हो जाएगा। चुवाड़ी को नगर पंचायत का दर्जा वर्ष 1982 में मिला था। तब से लेकर आज दिन तक तीस सालों के दौरान किसी ने नपं की इस बड़ी समस्या का समाधान करने की जहमत ही नहीं उठाई है। डलहौजी के वन मंडल अधिकारी आरसी गोमा का कहना है कि नपं द्वारा वन भूमि में कूड़ा फेंकने का मामला ध्यान में आने के बाद से इस स्थान को तार लगाकर बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे से वन नियमों की अव्हेलना करने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी। उधर, नपं के ईओ आरएस वर्मा का कहना है कि सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कूड़ा संयंत्र लगाने के लिए जोत रोड पर एक जगह का चयन किया गया है। जल्द ही सारी औपचारिकताएं पूरी करके समस्या का समाधान किया जाएगा।

Related posts