
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ शहर के शीतला माता मंदिर में एयरसेल के कार्यालय में घुसकर चार युवकों ने यहां काम करने वाले तीन लोगों की धुनाई कर डाली और जाते जाते उन्हें जान से मारने की धमकियां दे गए। इस मारपीट में तीनों को गंभीर चोटें आई है। पुलिस तीनों का मेडिकल करवा रही है। पुलिस में दर्ज तहरीर में शिव कुमार पुत्र कर्म सिंह निवासी गांव खडडी, डाकघर बैली, तहसील डलहौजी, जिला चंबा ने बताया कि वह यहां नालागढ़ में रह रहा है और नालागढ़ बाजार में शीतला माता मंदिर के समीप इसने सतीश शर्मा से किराये पर कमरा लेकर एयरसेल का कार्यालय खोला है।
उसके साथ सरवणजीत सिंह और धीरज भी काम करते हैं। सोमवार रात्रि करीब 11:15 बजे जब यह तीनों कार्यालय में बैठकर लैपटॉप पर काम कर रहे थे तो सिकंदर अली पुत्र नूर इलाही, इमरान पुत्र हबीब निवासी वार्ड-2, साहिल निवासी वार्ड-3, विजय निवासी न्यू नालागढ़ उनके कार्यालय में जबरन घुसे और उनके साथ मारपीट की। इस मारपीट में उन्हें चोटें आई है। बड़ी मुश्किल से वह इनके चंगुल से छूटे और उपचार के लिए अस्पताल गए।
डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा ने कहा कि पुलिस ने शिव कुमार की शिकायत पर भादंसं 452, 323, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर घायलों का मेडिकल करवा लिया है, जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
