
राजगढ़ (सिरमौर)। चरस की अवैध तस्करी में गिरफ्तार पेरोल पर फरार आरोपी को अदालत ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी घोटाडी निवासी इंद्रकुमार को शुक्रवार को उसके घर से 22 किलो 680 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था। उसे शनिवार को पुलिस ने उपमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी की राजगढ़ अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे आगामी छह मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इसकी पुष्टि करते हुए डीएसपी रामलाल बंसल ने बताया कि पुलिस इस दौरान यह पता लगाने का प्रयास करेगी की उसने इतनी अधिक मात्रा में चरस कहां से एकत्र की और यह कहां बेची जानी थी।
यही नहीं पुलिस इस बात का पता लगाने का भी प्रयास करेगी कि वर्ष 2011 से पेरोल पर आने के बाद वह कहां कहां रहा और क्या करता रहा। ज्ञात रहे कि इंद्रकुमार पहले भी चरस तस्करी के आरोप में सात किलो चरस के साथ पकड़ा गया था और उसे अदालत ने तीन साल की सजा पर कंडा जेल भेजा था वहां से वह पेरोल पर आया था और वापस नहीं गया था। पुलिस ने उसे उद्घोषित अपराधी करार दे रखा था और शिमला पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
