चक्का जाम पर 60 के खिलाफ मुकदमा!

नेरचौक (मंडी)। नेरचौक में कार चालक को मौत के घाट उतारने के बाद भड़के परिजनों को नेशनल हाइवे पर चक्का जाम करने की कीमत चुकानी पड़ेगी। पुलिस ने चक्का जाम के दौरान वहां मौजूद लोगाें के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब उन सभी लोगाें के खिलाफ मामला चलेगा जो चक्का जाम में शामिल थे।
एसएचओ बल्ह मदन धीमान ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है। पुलिस ने मृतक कार चालक राकेश कुमार के पक्ष में चक्का जाम करने वाले उसके परिजनों और लोगाें के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसमें जो लोग शामिल थे उनका पता लगाने के लिए फोटो और वीडियो देखी जा रही है। पुलिस ने मौके की वीडियोग्राफी करवाई थी। संभावना है कि चक्का जाम करने पर पांच दर्जन से अधिक लोगाें के खिलाफ मामला बन सकता है। गौरतलब है कि शनिवार को कार चालक 28 वर्षीय राकेश की मौत से उग्र परिजनाें ने एनएच पर डेढ़ घंटा चक्का जाम कर दिया था। इससे लंबा जाम लग गया था।
रविवार को घटना के बाद बनी तनावपूर्ण स्थिति सामान्य हो गई। लेकिन बाहर से मंगवाए गए अतिरिक्त पुलिस बल को अभी भी बल्ह पुलिस थाना में ही रखा है। रविवार को कार की टक्कर में मारे गए निक्का राम के घर चाक का गोहर में सन्नाटा पसरा रहा। निक्का राम के घर के साथ एक दर्जन दुकानें भी बंद रहीं।

हत्या के मामले में तीन और आरोपी
कार चालक राकेश कुमार की हत्या के मामले में अभी तक दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं तथा तीन ओर लोगों को इसमें आरोपी बताया जा रहा है। इसमें राजकुमार, सुरेंद्र उर्फ नीटू और एक आरोपी नाबालिग है। पुलिस के मुताबिक जो भी दोषी हैं उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

आरोपी पांच दिन के रिमांड पर
कार चालक राकेश की हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनाें आरोपियाें को अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। आरोपियाें को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। यहां से दोनाें को 25 जून तक के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

जाम को लेकर मुकदमा दर्ज
चक्का जाम करने पर भादंसं की धारा 143, 341 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद बनी तनावपूर्ण स्थिति सामान्य है। लेकिन बाहर से मंगवाए गए 48 जवानाें के सुरक्षा बल को अभी भी थाना में ही रखा गया है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
-मदन धीमान, एसएचओ बल्ह।

Related posts