चंबा-सिहुंता मार्ग पौने तीन घंटे रहा ठप

सिहुंता (चंबा)। चंबा-सिहुंता मार्ग पर कामला के पास भारी बारिश के कारण मलबा एवं चट्टानें गिर गई हैं। इससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के लिए करीब पौने तीन घंटे बंद रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम चार बजे के करीब चंबा-सिंहुता मार्ग पर कामला के पास देहर खड्ड में अचानक मलबा और चट्टानें आने से यह मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। इससे देहर खड्ड के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मार्ग बंद होने से कई लोगों को पैदल ही सफर करना पड़ा। इसके अलावा लंबे रूट की बसें वाया नूरपूर होकर गईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
चंबा-सिहुंता बंद पड़े मार्ग पर फंसे लोगों को टैक्सी करके अपने घरों को जाना पड़ा। विभाग की जेसीबी मौजूद नहीं होने से इस मार्ग को खोलने में पौने तीन घंटे का समय लगा। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भारी बारिश के कारण यह मार्ग बंद हो जाता है। ऐसे में विभाग को मार्ग को खोलने की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए, परंतु विभाग की जेसीबी किसी अन्य जगह पर होने के कारण इस मार्ग को यातायात के लिए सुचारु नहीं किया जा सका।
उधर, पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ अशोक कौंडल का कहना है कि चंबा-सिहुंता मार्ग के अवरुद्ध होने की सूचना के बाद विभाग ने जेसीबी रवाना कर दी थी। इसे शाम पौने सात बजे खोल दिया गया।

Related posts