चंद्र सेन ने जताई मंडी लोस से दावेदारी

मनाली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद अब राजनीतिक पार्टियां लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार भी दावेदारी पेश कर रहे हैं। प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से जहां कांग्रेस की ओर से प्रतिभा सिंह का नाम लगभग तय माना जा रहा है, वहीं भाजपा में प्रत्याशी को लेकर कशमकश जारी है। ऐसे में जिला कुल्लू के पूर्व विधायक ठाकुर चंद्रसेन ने मंडी लोक सभा से अपनी दावेदारी जताई है। यह बात चंद्रसेन ठाकुर ने शनिवार को मनाली में कही है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी उन्हें मंडी लोकसभा से उम्मीदवार बनाती है तो वह यह सीट जीत कर भाजपा की झोली में डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह आज तक पूरी निष्ठा से पार्टी की सेवा करते रहे हैं और प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जनसंघ के स्वयंसेवक चंद्रसेन ठाकुर को कृषि एवं सामाजिक कार्यों के लिए भारत ज्योति अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Related posts