
देहरादून। यदि आपको घुड़सवारी का शौक है तो पुलिस लाइन में आपका स्वागत है। इसमें घोड़े भी पुलिस के होंगे और मैदान भी। बस आपको एक हजार रुपये चुकाने होंगे। इसके अलावा आप क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल और जूडो का भी प्रशिक्षण आप ले सकते हैं। इसके लिए एक मई से समर कैंप शुरू हो रहा है, जो 20 मई तक चलेगा। इससे पहले बुधवार से प्रशिक्षण के लिए रजिस्ट्रेशन कार्य शुरू होगा।
शहर में स्कूली बच्चों की छुट्टियां शुरू हो गईं हैं। ऐसे में सभी अपने-अपने हिसाब से इसका लुत्फ उठाना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए एक मई से 20 मई तक पुलिस लाइन में समर कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में पुलिस के कुशल प्रशिक्षक द्रोणाचार्य के रूप में होंगे, जबकि हर उम्र के प्रतिभागी इसमें शामिल हो सकते हैं। हर खेल के लिए फीस निर्धारित की गई है। घुड़सवारी के लिए एक हजार रुपये और बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट, जूडो के लिए पांच-पांच सौ रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। सभी प्रशिक्षक पुलिस के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी होंगे। एसपी सिटी जगदीश चंद्र ने बताया फीस से जो राजस्व आएगा। उससे घोड़े और अन्य सामान खरीदा जाएगा।
