
सुल्तानपुर पट्टी। राज्य योजना से स्वीकृत अजीतपुर मार्ग निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का प्रयोग करने से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर निर्माण कार्य रोक कर मजदूरों को खदेड़ दिया। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे अवर अभियंता बालम सिंह जैनी ने जांच पड़ताल कर बेस में उपयोग की जा रही मिट्टी को निम्न स्तर का पाए जाने की कार्य को रुकवा दिया। जेई ने निर्माण वुडहिल कंपनी को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।
बता दें कि पिछले माह में अजीतपुर मार्ग का निर्माण का शिलान्यास केबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने किया। आर्य के प्रयास से 6 किमी सड़क निर्माण के लिए आठ करोड़ सात लाख रुपये की धनराशि मंजूर हुई है। मंगलवार को सुबह साढे़ दस बजे वुडहिल कंपनी ने सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया। निर्माण के बेस मेें मिक्चर के स्थान पर बेजान मिट्टी का प्रयोग करने पर ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने ग्राम गुमसानी के प्रधानपति राजेंद्र सिंह ऊर्फ काका नामधारी के नेतृत्व में जमकर हंगामा काटा। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के शुरुआती दौर में ही निम्न स्तर की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर कार्य को रुकवा दिया और श्रमिकों को खदेड़ दिया। जिस पर लोगों ने समझाकर मामला शांत किया। प्रधानपति नामधारी ने कहा कि अजीतपुर मार्ग से खनन सहित अन्य भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। वुडहिल कंपनी घटिया सामग्री का प्रयोग कर कार्य की इतिश्री करना चाहती है। लंबे अर्से के बाद तो गांव की सड़क का निर्माण शुरु हुआ है। निर्माण में धांधली कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। घटिया सामग्री के प्रयोग की शिकायत कैबिनेट मंत्री सहित अन्य उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है। मौके पर बबलू नामधारी, मोनू चौधरी, लखविंदर, कक्कू खत्री, दिवान, करन सिंह, रविंद्र, बलराज सिंह आदि थे।
