
मंडी। जिला उपायुक्त देवेश कुमार ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों का आह्वान किया वे अपने आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे आवारा कुत्तों की शीघ्र नसबंदी करवाएं।
सोमवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जहां भी आवारा कुत्ते नजर आते हैं, उनकी नसबंदी के लिए पशुपालन विभाग से संपर्क किया जा सकता है और इसके लिए विभाग द्वारा नसबंदी शिविर लगाए जाएंगे। उन्होेंने बताया कि जिले के बालीचौकी क्षेेत्र में 24 आवारा कुत्तों की नसबंदी की गई है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों का आह्वान किया कि इसी तरह के शिविर जिले के अन्य क्षेत्रों में भी लगवाएं।
उन्हाेंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले के विभिन्न स्थानों पर चल रहे गौसदनों को समय-समय निरीक्षण करें तथा बीमार एवं घायल पशुओं का भी समय पर सही इलाज करें। इस पर होने वाला खर्च उपायुक्त कार्यालय से दिया जाएगा ।
उपायुक्त ने कहा कि गौसदनों में वर्मी कम्पोस्ट को बढ़ावा दिया जाए तथा वहां पर तैयार वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय के लिए भी आवश्यक पग उठाएं ताकि गौसदनों में तैयार की गई वर्मी कम्पोस्ट को मार्केट में बेच कर उससे होने वाली आय से गौसदनों का खर्चा चल सके। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज राय, सहायक आयुक्त रूगवेद ठाकुर, एसडीएम सदर शुभकरण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
