गैरहाजिर अफसरों से जवाब तलब

ऊना। वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं चिंतपूर्णी के विधायक कुलदीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ आम आदमी तक पहुंचाना सुनिश्चित करें और लंबित पड़े विकास कार्यों को गति प्रदान करें। वह शुक्रवार को ऊना के बचत भवन में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति का उन्होंने कड़ा संज्ञान लिया और आदेश दिए कि गैरहाजिर रहे अधिकारियों को उपायुक्त को अपनी गैरहाजिरी का कारण बताना होगा। कुलदीप कुमार ने कहा कि इंदिरा आवास योजना के तहत चालू वित्त वर्ष के दौरान जिला में 403 घर बनाए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को बैठक में पूरे आंकड़ों एवं तथ्यों सहित आने के निर्देश दिए। कहा कि मनरेगा के तहत चालू वित्त वर्ष के दौरान साढ़े आठ करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे ऊना ब्लॉक सहित समूचे जिला में मनरेगा के कार्यों को तेजी से अमलीजामा पहनाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों की विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा भी की और 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत उनकी प्रगति का ब्योरा लिया। पिछड़ा क्षेत्र उपयोजना के तहत जिला ऊना के बंगाणा ब्लॉक की तीन पंचायतें आती हैं, जिनमें इस साल विकास कार्यों पर 16 लाख 47 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन तीन पंचायतों में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों व पुलियाें पर 6 लाख 13 हजार रुपये एवं पशुपालन विभाग द्वारा दो लाख 12 हजार खर्च किए जाएंगे।

ये रहे मौजूद
बैठक में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राम दास मलांगड़, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल, जिला कांग्रेस सचिव सतपाल रायजादा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुरेखा राणा, नगर परिषद ऊना के उपाध्यक्ष बाबा अमरजोत सिंह बेदी, कामरेड जगत राम, विजय डोगरा, विजय आंगरा, डीसी, एडीसी, सहायक आयुक्त एवं लोक निर्माण, आईपीएच, बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कमेटी के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।

धर्माणी ने जताई आपत्ति
ऊना। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी ने बैठक में भावी योजनाएं के ब्लू प्रिंट प्रस्तुत न करने पर जताई आपत्ति। बैठक में योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम कमेटी के गैर सरकारी सदस्य धर्माणी ने इस बात को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की कि बैठक में जिला के विकास की भावी योजनाओं का कोई ब्लू प्रिंट चर्चा के लिए प्रस्तुत नहीं किया गया है। बैठक महज चल रही योजनाओं की चर्चा पर ही केंद्रित होकर रह गई है। कमेटी के एक अन्य गैर सरकारी सदस्य एवं जिला कांग्रेस के प्रवक्ता विजय डोगरा ने बैठक में कहा कि कमेटी के कई गैर सरकारी सदस्यों को मीटिंग के एजेंडे की प्रति नहीं भेजी गई और कई गैर सरकारी सदस्यों को इस बैठक की सूचना भी नहीं दी गई।

Related posts