गुनाह बाहरी राज्यों में, शरण बीबीएन में

नालागढ़ (सोलन)। विश्व के मानचित्र में फार्मा हब के रूप में उभरे औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन को यदि अपराधियों की शरणगाह कहे तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। अपराधी बाहरी राज्यों में गुनाह करके आसानी से बीबीएन में शरण ले लेते हैं।
उधर, पुलिस ने भी शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर वेरिफिकेशन के लिए मुहिम चलाई जो सिर्फ कागजों में सिमट गई। एसपी एस अरुल कुमार ने कहा कि पुलिस दिन और रात पेट्रोलिंग करती है। लोगों को भी चाहिए कि वह पुलिस का सहयोग करें और संदिग्ध की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
वर्ष 2009 में जिला सोलन से अलग करके जिला पुलिस बददी बनाया गया है ताकि यहां अपराधियों पर नकेल डाली जा सके और अपराधों को रोका जा सके। पुलिस जिला बनने के बाद इस क्षेत्र ने पांच एसपी देख लिए हैं लेकिन आपराधिक ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है।
केस-1- प्रतिबंधित संगठन सिमी कार्यकर्ता मो. अकील कुरैशी निवासी उज्जैन, एमपी बीबीएन में फिरौती लेकर हत्या करने के इरादे से चार वर्ष पूर्व आया था जिससे पुलिस ने एक पिस्तौल और नौ जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। अकील 153बी के तहत देशद्रोह की सजा भी काट चुका है।
केस-2-यूएनओ मिशन में काम करने वाले सिक्योरिटी गार्ड को भी नालागढ़ शहर के समीप अनाज मंडी के नजदीक छुड़ाया गया था। अफगानिस्तान में काम करने वाले नेपाली मूल के हरीश चंद रावल को दिल्ली से अगवा किया गया था, पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी।
केस-3-पंचकूला में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला के हत्यारों ने नालागढ़ के फ्रेंड्ज कालोनी के समीप किराये का मकान लेकर पनाह ली थी, जिन्हें बाद में हरियाणा पुलिस ने यहां आकर धर दबोचा था।
केस-4-हिमाचल में वांछित अपराधी मोहन सिंह उर्फ मोहना को पंजाब में वांछित अपराधी अमनदीप सिंह दो पिस्तौलों और दो मैगजीनों सहित धरा गया।
केस-5-बीबीएन क्षेत्र के जुडडी खुर्द में एक प्रवासी से पुलिस ने देसी पिस्तौल और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए, वहीं पांच वर्ष पूर्व भी पुलिस ने बरोटीवाला क्षेत्र से एक प्रवासी दंपत्ति को दो रिवालवरों और जिंदा कारतूस सहित धरा।

Related posts