
सांगला (किन्नौर)। पुलिस ने चौरा चैकपोस्ट पर एक गाड़ी से साठ किलो नागछतरी बरामद की। पुलिस ने जड़ी बूटी तस्करी के आरोप में गाड़ी चालक एवं मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। अभी यह पता नहीं चला है कि आरोपी ने नागछतरी किससे खरीदी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने थाना प्रभारी भावानगर नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में चैकपोस्ट चौरा में नाका लगाया था। इसी दौरान पुलिस ने भावानगर की ओर से रामपुर आ रही बोलेरो गाड़ी की शक के आधार पर तलाशी ली तो उसमें नागछतरी मिली। आरोपी के पास नागछतरी ले जाने का कोई परमिट नहीं था। वह अवैध रूप से नागछतरी ले जा रहा था। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी चालक एवं मालिक कुंदन सिंह निवासी रूनपू (रामपुर) को दबोच लिया। पुलिस नागछतरी को वन विभाग के सुपुर्द करेगी। बरामद साठ किलो नागछतरी की कीमत 1.20 लाख रुपये आंकी गई है। डीएसपी किन्नौर केके वर्धन ने नागछतरी बरामद करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी भावानगर नरेंद्र सिंह, एएसआई इंद्रलाल और चैकपोस्ट प्रभारी केवल राम ने आरोपी से यह जड़ी बूटी बरामद की है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ चल रही है। अभी तक यह पता चला है कि आरोपी नागछतरी कटगांव से लाया था। नागछतरी किससे खरीदी है, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।
