
नालागढ़ (सोलन)। विश्व के मानचित्र पर फार्मा हब के रूप में उभरा औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन झुग्गियों की बस्ती में तब्दील हो गया है। झुग्गियों में हुई आग की घटनाओं में प्रवासियों ने जहां अपनी संपत्ति को जलते हुए देखा है, वहीं कई जानें भी गई हैं। बीबीएन में अवैध रूप से स्थापित झुग्गियों पर अब उपमंडल प्रशासन का डंडा चलेगा, चाहे वह झुग्गी सरकारी भूमि पर लगी होगी या फिर बिना सुविधाओं वाली निजी भूमि पर। इसके लिए उपमंडल प्रशासन ने सोमवार को राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मियाें की बैठक तलब की है, जिसमें इनसे निपटने के लिए सख्त निर्णय लिया जा सकता है। गत दो तीन दिनों में बीबीएन क्षेत्र में 230 झुग्गियों सहित एक मासूम के जिंदा जलने के बाद उपमंडल प्रशासन ने अब इनसे सख्ती से निपटने का निर्णय लिया है। इससे पहले भी उपमंडल प्रशासन ने 24 फरवरी,2013 को नालागढ़ रोपड़ मार्ग पर मिसी मैदान से तीन दर्जन झुग्गियों हटाई, बीबीएनडीए ने भी 22 मार्च, 2013 को एक्सपोर्ट पार्क झाड़माजरी से झुग्गियां हटवाई। दिसंबर, 2012 में नालागढ़ बददी हाईवे पर पीरस्थान पर सरकारी भूमि से चार दर्जन झुग्गियां हटाई। उपमंडल प्रशासन ने बीबीएनडीए, टीसीपी सहित राजस्व विभाग को भी सुविधाओं से महरूम निजी भूमि पर स्थापित झुग्गियों को हटाने के निर्देश जारी किए थे, जिसके तहत निजी भूमि मालिकों को नोटिस भी जारी किए गए। गत वर्ष एसडीएम ने तहसीलदारों के माध्यम से सरकारी भूमि पर लगी झुग्गियों का विवरण मांगा था, वहीं बीते वर्ष तत्कालीन पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव ने भी बीबीएन का दौरा कर झुग्गियां हटाने के निर्देश जारी किए थे।
स्पेशल सर्वे करवा की जाएगी कार्रवाई
एसडीएम नालागढ़ ललित जैन ने कहा कि आगजनी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बीबीएन में स्थापित झुग्गियों का स्पेशल सर्वे करवाया जाएगा, जिसके लिए राजस्व विभाग के कर्मचारियों की बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर लगी झुग्गियां हटा दी जाएगी, वहीं सुविधा न देने वाले निजी भू-मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
