
नादौन (हमीरपुर)। नादौन-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गगाल गांव के पास स्कारपियो और मारुति कार के बीच हुई टक्कर में 6 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब नंबर की कार में 6 लोग आनंदपुर साहिब से माता ज्वालामुखी के बाद बाबा बालकनाथ मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। रविवार दोपहर 2 बजे के करीब गगाल गांव के पास सामने से आ रही स्कारपियो एचपी-14ए-1503 कार के साथ टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार चालक अमृत लाल, उसकी पत्नि नीरू, भाई अश्वनी, भाभी प्रगति, दो बच्चे सायना और नैना घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को नादौन अस्पताल पहुंचाया। घायलों का उपचार कर रहे चिकित्सक डा बीएस राणा ने बताया कि दुर्घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर जगत राम चौहान ने बताया कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
