गगरेट के लोगों पर 25 लाख की देनदारी

गगरेट (ऊना)। गगरेट नगर के लोगों पर 25 लाख रुपये से ज्यादा की देनदारी हाउस टैक्स के रूप में है। पिछले लंबे अरसे से लोगों ने नगर पंचायत को हाउस टैक्स नहीं चुकाया है, जो साल दर साल बढ़ता जा रहा है। वर्तमान में बढ़कर यह 25 लाख रुपये के पार पहुंच चुका है। स्थानीय नगर पंचायत ने हाउस टैक्स की वसूली को कड़े कदम उठाने के संकेत दिए हैं। स्थानीय नगर पंचायत द्वारा हाउस टैक्स की वसूली न कर पाना कहीं न कहीं उनकी कारगुजारी पर सवालिया निशान लगाता है। नगर पंचायत के नोटिसों को ठेंगा दिखाते हुए लोग हाउस टैक्स अदा नहीं कर रहे हैं। इसके चलते नगर पंचायत गगरेट को हाउस टैक्स की वसूली करना ढेड़ी खीर साबित हो रहा है। लाखों रुपये के हाउस टैक्सों की वसूली न होने से नपं के विकास कार्यों पर भी ग्रहण लग गया है। नगर पंचायत सचिव सतीश ठाकुर ने बताया कि नपं पर गृहकर का लगभग 25 लाख रुपये बकाया पड़ा है, जिसमें कई सरकारी विभागों ने भी टैक्स की अदायगी नहीं की है। उन्होंने कहा कि लोगों को लिखित नोटिस भेजने पर भी उन्होंने टैक्स नहीं जमा करवाया है। नपं की ओर से अब नए राशन कार्ड बनाने आ रहे लोगों से गृह कर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए राशन कार्ड केवल उन लोगों के ही बनाए जाएंगे, जिन्होंने गृह कर जमा करवा दिया है। सतीश ठाकुर ने कहा कि जिन लोगों ने पिछले कई वर्षों से गृह कर दबाया हुआ है उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts