
अरविंद केजरीवाल अपने गुरु अन्ना हजारे समेत देश की किसी भी शख्सियत को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता नहीं भेजेंगे।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि रामलीला मैदान में आयोजित होने वाला समारोह आम होगा। इसमें कोई भी व्यक्ति खास नहीं रहेगा।
पार्टी का मनाना है कि सारी तैयारियां उपराज्यपाल की निगरानी में हो रही हैं जिसमें पार्टी कोई दखल नहीं देगी। पार्टी की तरफ से राजनिवास को कोई मांग पत्र भी नहीं भेजा गया है। पूरा समारोह दिल्ली वासियों के लिए खुला रहेगा।
हर कोई आम आदमी की तरह ही शामिल होगा। पार्टी ने इसके लिए कोई निमंत्रण पत्र भी तैयार नहीं किया है।
सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ नेता नहीं चाहते कि समारोह के नाम पर खर्च होने वाली रकम पर बाद में कोई सवाल उठे और पार्टी को कठघरे में खड़ा किया जाए। लिहाजा, तैयारियों के बीच पार्टी कोई मांग नहीं कर रही है।
यह राजनिवास पर निर्भर है कि वह दरी पर बैठने का इंतजाम करता है या कुर्सी। हमारी तरफ से कोई मांग नहीं की गई है। किसी भी व्यक्ति को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया जाएगा।
