खराब रिजल्ट वाले स्कूलों पर कसेगा शिकंजा

कुल्लू। शिक्षा विभाग की त्रैमासिक बैठक में जमा दो और दसवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम को लेकर खास दिशा निर्देश दिए गए। खराब रिजल्ट वाले स्कूलों पर जल्द ही शिकंजा कसा जा सकता है। 25 फीसदी से कम रिजल्ट देने वाले स्कूलों की रिपोर्ट जल्द तैयार करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। बैठक में स्कूलों के मुख्य शिक्षकों को सालभर की गतिविधियों की वार्षिक योजना तैयार करने को कहा है। कुल्लू के देवसदन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा के संयुक्त निदेशक डा. अमर देव ने की। बैठक में जिलाभर से आए प्रिंसिपलों और मुख्याध्यापकों ने शिरकत की। डा. अमर देव ने शिक्षकों से बच्चों को बेहतर और गुणात्मक शिक्षा देने पर अधिक ध्यान देने का आह्वान किया।
भूकंप की दृष्टि से कार्य योजना बनाने, रिक्त पदों की नवीनतम सूचना भेजने, शिक्षकों और गैर शिक्षक कर्मचारियों की साल 2012-13 की गोपनीय रिपोर्ट भेजने तथा चालू शैक्षणिक स्तर 2013-14 के लिए स्कूल प्रबंधन समिति का शीघ्र गठन करने के निर्देश दिए।
बच्चों की नेतृत्व क्षमता बढ़ाएं
इसके साथ बच्चों में नेतृत्व विकास, स्कूल प्रबंधन, स्कूल विकास योजना के अलावा माता-पिता की भागीदारी सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों को स्वीकृत होने वाली विभिन्न छात्रवृत्तियों को सीधे उनके बैंक खातों के माध्यम से अदायगी सुनिश्चित करने, बेहतर शैक्षणिक, सांस्कृतिक ज्ञानवर्धन करने और पेयजल सुविधा पर ध्यान देने की वकालत की गई।
इस मौके पर उच्च शिक्षा उपनिदेशक जगदीश, अधीक्षक एलआर गुलशन, प्रिंसिपल घनश्याम कपूर, नेसू राम भारती और रूप सिंह ठाकुर सहित कई मुख्य अध्यापकों ने भाग लिया।

Related posts