
रिकांगपिओ (किन्नौर)। खराब मौसम को देखते हुए किन्नौर जिले में अगले तीन दिन के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए लोगों को हरदम चौकस रहने के लिए कहा है। मौसम विभाग की चेतावनी पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। उपायुक्त कैप्टन जेएम पठानिया ने कहा है कि खराब मौसम में सोच समझ कर ही घर से बाहर निकलें। हर समय चौकस रहें, जिससे जोरदार बारिश में प्राकृतिक आपदा की स्थिति में बचाव हो सके। उन्होंने जिले में स्थापित समस्त कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों को सतलुज नदी समेत अन्य सहायक नदियों के जलस्तर पर नजर रखने को कहा है। उन्होंने तटवर्तीय क्षेत्रों में बसे लोगों को स्वयं भी सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ समेत समूचे जिले में चल रहे स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सकों को आदेश दिए हैं कि अपने संस्थानों को छोड़ कहीं न जाएं। उपायुक्त ने कहा कि जिले के समस्त संस्थानों में सभी आवश्यक दवाइयां पहुंचा दी गई हैं। उन्होंने जिले के तीनों ब्लॉकों की पंचायतों के प्रधानों को भी अलर्ट करने को कहा है। उन्होंने कहा कि जिले के स्पीलो तक नेशनल हाईवे बहाल कर दिया गया है और आगे का कार्य प्रगति पर है।
जिले के भीतर 16 और 17 जून को हुई भारी बारिश से कृषि, बागवानी, सड़क आदि को व्यापक नुकसान पहुंचा था और कइयों ने अपनी जान गंवाई। इसलिए प्रशासन ने तीन दिन बारिश होने की मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेकर एहतियात के तौर पर समूचे जिले में हाई अलर्ट घोषित किया है।
