
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की तीन पंचायताें के लोग अभी तक बर्फबारी से नहीं उभर पाए हैं। बर्फबारी के चलते सलूणी-किलोड़ मार्ग तीन माह से बंद पड़ा हुआ है। इस कारण ग्राम पंचायत खरल, सूरी व किलोड़ के सैकड़ों ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान खच्चर के माध्यम से घर तक पहुंचाना पड़ रहा है। इसके अलावा कोई बीमार पड़ जाए तो उसे तहसील मुख्यालय तक पालकी में या फिर पीठ पर उठाकर लाना पड़ता है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत किलोड़ के प्रधान डुम राम, खरल के उपप्रधान रवि कुमार, सूरी के प्रधान रतन चंद, सुरेंद्र कुमार, अमर सिंह, संजय कुमार, ज्ञान चंद, बिहारी लाल, टेक चंद, पंछी राम, रमेश कुमार व राकेश ने बताया कि यह आठ किलोमीटर मार्ग 20 दिसंबर से बंद पड़ा हुआ है। इतना समय बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग ने इसको बहाल करने की जहमत नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में कई बार प्रशासन को अवगत करवाया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वन विभाग के डीएफओ दिनेश कुमार ने बताया कि बजट न होने के कारण सड़क से बर्फ नहीं हटाई जा सकी है। उन्होंने कहा कि जल्द मार्ग को बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे।
