
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में तंबू गाड़कर इंडोर प्रतियोगिता करवाई जा रही है। शहर की हिंदू धर्मशाला में आयोजित शहीद भगत सिंह मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता प्रदेश में बेहतरीन खेल सुविधाओं के दावों के नाम पर कई सवाल उठा रही है।
हिंदू धर्मशाला में टेंट लगाकर इंडोर खेलें करवाई जा रही हैं। युवा खिलाड़ियों का आरोप है कि इंडोर स्टेडियम की उनकी मांग अनसुनी हो रही है। ऐसे में उनके पास तंबू गाढ़कर प्रतियोगिताएं करवाने के अलावा कोई और चारा नहीं है।
बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुके युवा खिलाड़ियों डाली शिव, गोपाल कृष्ण, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले चुके कर्ण वर्मा, गगनदीप जगोता, जिला स्तर पर खेल चुके नवीन, दीपक ने कहा कि इंडोर स्टेडियम के अभाव से उन्हें अभ्यास खुले में करना पड़ता है। जब वे किसी प्रतियोगिता में भाग लेने जाते हैं तो वहां इंडोर स्टेडियम में खेलना पड़ता है। इंडोर स्टेडियम के अभाव में भीषण गर्मी और बारिश के मौसम में उनके अभ्यास में बाधा पहुंचती है। यदि शहर में इंडोर स्टेडियम होता तो अभ्यास करने में युवाओं को सुविधा मिलती। साथ ही प्रतियोगिताओं का भी आसानी से आयोजन हो जाता।
विकास वर्मा, नरदीप शर्मा, रमन वर्मा, मनोज वर्मा, संजीव सोनू, अमित जैन, राकेश गौतम और मंजू भारद्वाज ने कहा कि युवाओं के लिए इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाना जरूरी है। इंडोर स्टेडियम होने से युवा पीढ़ी खेलों की ओर अधिक आकर्षित होगी। इंडोर स्टेडियम की मांग नगर परिषद से की गई है।
पुराने स्कूल में इंडोर स्टेडियम का सुझाव
सिटीजन एक्शन ग्रुप के चेयरमैन एडवोकेट रविंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पुराने स्कूल में इंडोर स्टेडियम, लाइब्रेरी, जिम, कम्यूनिटी हॉल आदि का निर्माण किया जा सकता है।
स्थान का अभाव बन रहा परेशानी : ईओ
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुधीर शर्मा एवं अध्यक्ष अल्का वर्मा ने कहा कि उनके पास इंडोर स्टेडियम बनाने की मांग आई है। स्थान का अभाव होने के चलते स्टेडियम बनाने में दिक्कत पेश आ रही है। उचित स्थान मिलने पर इंडोर स्टेडियम का निर्माण प्राथमिकता से होगा।
