
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट के बतैल में इंटक की ओर से मजदूरों के लिए पासबुक वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला इंटक अध्यक्ष वाईपी कपूर और श्रम एवं कामगार योजना बोर्ड के अध्यक्ष टेक चंद राणा ने विशेष रूप से शिरकत की।
कार्यक्रम में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और इंटक प्रदेश अध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह से मांग की है कि कौशल विकास भत्ता की अधिकतम आयु सीमा 45 साल की जाए। इसके अलावा मजदूरों का पंजीकरण आवेदन शुल्क, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना और जनश्री बीमा योजना के तहत माता-पिता की मृत्यु पर एक लाख बीमा का लाभ मजदूरों को देने की मांग की गई। मजदूर की मौत पर दाह संस्कार के लिए पांच हजार की आर्थिक सहायता राशि देने, गरीब बच्चों की शिक्षा और शादी के लिए 15 हजार की सहायता तथा दो माह की सदस्यता वाले कामगारों को शिक्षा और अन्य दूसरी सभी प्रकार की सहायता से जोड़ने का आग्रह किया गया। इस मौके पर चेत राम, लेख राज, सरकाघाट ब्लाक अध्यक्ष दिनेश कुमार और प्रेस सचिव नरेश शर्मा मौजूद रहे।
