कोटखाई नपं में अध्यक्ष और वार्ड सदस्य आमने-सामने

कोटखाई (शिमला) कोटखाई नगर पंचायत में अध्यक्ष व वार्ड सदस्यों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस कारण कोटखाई में विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हुए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ने वार्ड सदस्यों पर विकास कार्यों में रोड़ा डालने का आरोप लगाया है तथा वार्ड सदस्यों की सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई है। वहीं दूसरी ओर वार्ड सदस्य नगर पंचायत में लटके विकास कार्यों के लिए अध्यक्ष रविंद्र चौहान को जिम्मेवार ठहरा रहे हैं तथा अध्यक्ष की सदस्यता रद्द करने की मांग उठा रहे हैं। इस संबंध में शीघ्र ही अध्यक्ष व वार्ड सदस्य शहरी विकास निदेशक को एक मांग पत्र भी सौंपेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने बताया कि भाजपा से जुड़े वार्ड सदस्य विकास कार्यों में बाधा पैदा कर रहे हैं। नगर पंचायत की बैठकों में विकास कार्यों पर वार्ड सदस्य सहमति नहीं बनाते हैं और बैठकों से बिना हस्ताक्षर किए ही उठकर चले जाते हैं, इसलिए शहरी विकास निदेशक को पत्र भेजकर वार्ड सदस्यों की सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई जाएगी।
वार्ड सदस्य विकास नंदा, पूनम शर्मा, राम प्रकाश गुप्ता, अमित सूद व नरेश कुमार ने बताया कि उनके वार्डों में विकास कार्य लंबे समय से ठप हैं। अध्यक्ष से बैठक में जब भी ठप पड़े विकास कार्यों पर चर्चा की जाती है तो वह उसका सही उत्तर नहीं देते हैं। नगर पंचायत में विकास कार्य करवाने में अध्यक्ष नाकाम साबित हुए हैं। वार्डों में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। इसे बार-बार शिकायत करने के बाद भी ठीक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी वार्ड सदस्य मिलकर अध्यक्ष की सदस्यता रद्द करने का मांग पत्र शहरी विकास निदेशक को शीघ्र ही भेजेंगे।

Related posts