कॉलेज कैंटीन से नहीं हट सका ताला

चंबा। जिले के एकमात्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा की कैंटीन पर दो माह से ताला लटका हुआ है। इसके चलते कॉलेज के करीब 2100 विद्यार्थियों और स्टाफ को कैंटीन की सुविधा नहीं मिल रही है। विद्यार्थियों को मजबूरन बाजार के होटलों से खाद्य वस्तुएं लेनी पड़ रही हैं। शैक्षणिक सत्र 2013-14 के लिए कॉलेज प्रशासन ने कैंटीन के टेंडर 25 जुलाई को रखे थे। विभागीय कारणों के चलते टेंडर की तारीख 10 अगस्त को तय की गई। 10 अगस्त को टेंडर प्रक्रिया में आधा दर्जन पार्टियों ने भाग लिया और उन्होंने अपनी कोटेशन कॉलेज प्रशासन को दी। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने सबसे कम रेट कोटेशन वाली पार्टी को कैंटीन देने का निर्णय लिया। बावजूद इसके अभी तक यह कैंटीन फिर से नहीं खुल पाई है। गौरतलब है कि कैंटीन के टेंडर लेने वाले व्यक्ति को टेंडर के दौरान भरे गए मूल्यों पर ही कैंटीन में खाद्य वस्तुएं देनी पड़ती हैं। बीते सत्र वाली पार्टी और कॉलेज प्रशासन के आपसी विवाद के चलते कॉलेज कैंटीन बंद हो गई थी। उधर, छात्र संगठनों के नेता भी कॉलेज कैंटीन को जल्द खुलवाने की मांग कॉलेज प्रशासन से कर चुके हैं। कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्या मंजुला शर्मा ने बताया कि बीते सत्र जिस व्यक्ति ने कैंटीन ली थी, उसने अब तक अपना सामान नहीं उठाया है। इस वजह से कॉलेज कैंटीन बंद पड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि इस बारे में पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को भी अवगत करवा दिया है।

नोटिस के मुताबिक होगी कार्रवाई : एसडीएम
एसडीएम चंबा बचन सिंह ने बताया कि कॉलेज कैंटीन का मामला ध्यान में हैं। मामले को निपटाने के लिए कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि बीते सत्र में कैंटीन चलाने वाले व्यक्ति ने कोर्ट में अर्जी लगाई है। उसने एक नोटिस कॉलेज प्रशासन को भी भेजा है। कॉलेज प्रशासन को नोटिस की कॉपी उपलब्ध करवाने को कहा गया है। उसके मुताबिक आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts