कैसे पूरी होगी टॉय ट्रेन में सफर की हसरत?

शिमला। टूरिस्ट सीजन के रफ्तार पकड़ते ही कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर दौड़ने वाली टॉय ट्रेन में भीड़ बढ़ गई है। टॉय ट्रेन में वेटिंग बढ़कर सौ से डेढ़ सौ के बीच चल रही है। ट्रेन में सीटों की बुकिंग के लिए रोजाना रेलवे के टिकट काउंटरों पर खासी भीड़ उमड़ रही है।
कालका-शिमला ट्रैक पर हॉली डे स्पेशल सहित कुल आठ गाड़ियां दौड़ रही हैं। गाड़ियों में भारी भीड़ के चलते सैलानियों को सीटें उपलब्ध नहीं हो पा रहीं। रिजर्वेशन न हो पाने के कारण सैलानियों को मायूसी झेलनी पड़ रही है। 1898 में बने कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक को यूनेस्को की ओर से वर्ल्ड हेरिटेज की सूची में शामिल किया गया है। 96 किलोमीटर लंबे कालका शिमला रेलवे ट्रैक पर अठारह रेलवे स्टेशन व 102 सुरंगें हैं। ट्रैक पर धीमी गति से चलने वाली टॉय ट्रेन में सफर का अलग ही रोमांच है। यही कारण है कि सैलानी शिमला आने जाने के लिए टॉय ट्रेन के सफर को तवज्जो देते हैं। करीब एक सप्ताह से टॉय ट्रेन में भीड़ बढ़ रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर रेलवे प्रबंधन की ओर से दो अतिरिक्त हॉली डे स्पेशल गाड़ियां चलाई गई हैं। बावजूद इसके ट्रेनों में भीड़ नहीं घट रही।

बढ़ रही वेटिंग लिस्ट : विनय
रेलवे स्टेशन कालका के स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि टॉय ट्रेन की वेटिंग लिस्ट में इजाफा हो रहा है। टॉय ट्रेन में सफर को लेकर सैलानियों में खासा उत्साह है। रेलवे प्रबंधन सैलानियों की सुविधा का पूरा ख्याल रख रहा है।
———————————-
एचआरटीसी और पर्यटन निगम की वोल्वो पैक
दिल्ली-शिमला व दिल्ली-मनाली रूटों पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) और हिमाचल प्रदेश परिवहन विकास निगम (एचपीटीडीसी) की वोल्वो बसें भी इन दिनों पैक चल रही हैं। बसों में एडवांस बुकिंग के चलते सैलानियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। एचपीटीडीसी के डीजीएम वरुण शर्मा का कहना है कि इन दिनों सभी गाड़ियां पैक हैं। एडवांस बुकिंग भी जोरों पर है।

Related posts