
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 102 डिग्री बुखार हो गया है जिस कारम उनका आज दफ्तर जाना मुश्किल है। सूत्रों के अनुसार दो डॉक्टर केजरीवाल के घर उनका इलाज करने गए और उन्होंने केजरीवाल को आराम करने की सलाह दी है। वहीं माना जा रहा कि आज भी लोग केजरीवाल से मिलने उनके घर जाएंगे। गौरतलब है कि सीएम पद संभालने के बाद केजरीवाल ने रविवार को भी जनता दरबार लगाया था।
सूत्रों के अनुसार केजरीवाल आज भी जनता दरबार लगाने वाले थे और संभावना थी कि आज केजरीवाल 700 लीटर मुफ्त पानी देने का ऐलान कर सकते थे और इसी सिलसिले में आज शाम चार बजे दिल्ली जल बोर्ड की एक बैठक होनी थी जिसमें दिल्ली दिल्ली वालों को रोजाना 700 लीटर मुफ्त पानी के फैसले का ऐलान होने की संभावना थी।
गौरतलब है कि केजरीवाल खुद दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष हैं। लेकिन केजरीवाल को बुखार के बाद आज जनता दरबार लगना संभव नहीं हैं और डॉक्टरों ने केजरीवाल को पूरी तरह बैड रेस्ट की सलाह दी है क्योंकि केजरीवाल को डायरिया भी हो गया है। रविवार को केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से समस्याओं के हल करने के लिए 10 दिन का वक्त मांगा है।
