
तीन मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल-6 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए बुरी खबर आई है। आईपीएल-5 विजेता टीम केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर बीमारी के चलते इस साल टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
पीलिया की पुष्टि होने के बाद डॉक्टरों ने गौतम गंभीर को तीन हफ्ते आराम करने की सलाह दी है। जबकि केकेआर तीन मार्च को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच खेलेगी।
मालूम हो कि गौतम गंभीर की अगुवाई में केकेआर आईपीएल-5 में विजेता बनी थी। केकेआर को विजेता बनाने में गंभीर ने बल्ले से भी काफी कमाल किया था।
कैलिस या मैकुलम बन सकते हैं कप्तान
उम्मीद की जा रही है कि गंभीर की अनुपस्थिति में जैक कैलिस या ब्रैंडन मैकुलम केकेआर में कप्तानी का जिम्मा संभाल सकते हैं। मैकुलम पहले भी केकेआर की कप्तानी संभाल चुके हैं।
गंभीर ने आखिरी बार पंजाब के खिलाफ मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था तथा 54 गेंदों में 68 रनों की पारी खेली थी।
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में शिखर धवन के चोटिल होने के बाद गौतम गंभीर को भारतीय टीम में जगह दी गई थी। लेकिन उनके बीमार होने के चलते सुरेश रैना को टीम में शामिल किया गया।
