हरियाणा पंजाब की सीमा पर चल रहे किसान आंदोलन को लेकर आज किसानों की केंद्र के साथ बैठक होगी। यह बैठक चंडीगढ़ में होगी। बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हो सकते हैं। इससे पहले 14 फरवरी को हुई बैठक बेनतीजा रही थी।
वहीं, शुक्रवार को शंभू बॉर्डर पर किसान नेता शुभकरण की पहली बरसी मनाई गई। बड़ी संख्या में किसान नेता शंभू बॉर्डर पर पहुंचे थे। बॉर्डर पर किसान सभा भी की गई, जिसमें महिलाएं भी शामिल हुईं। किसानों ने शुभकरण को श्रद्धांजलि दी।
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि केंद्र के साथ शनिवार को चंडीगढ़ में होने वाली बैठक अगर बेनतीजा रही और केंद्र ने उनकी मांगों का हल न किया, तो फिर दिल्ली कूच किया जाएगा। 25 फरवरी को 101 किसानों का जत्था वरिष्ठ किसान नेताओं की अगुवाई में दिल्ली कूच करेगा। वह शुक्रवार को शंभू बॉर्डर पर आयोजित श्रद्धांजलि समागम को संबोधित कर रहे थे। शंभू व खनौरी बार्डरों पर आयोजित समागमों में किसानी आंदोलन 2.0 में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि भेंट की गई।