कृषि विवि के प्रोफेसर के ट्रांसफर ऑर्डर रद्द

पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विवि पालमपुर से प्रोफेसर के तबादले को हाईकोर्ट के आदेशों के बाद विवि प्रशासन को रद्द करना पड़ा है। प्रोफेसर ने फिर से ज्वाइन कर लिया है। 23 अक्तूबर को कृषि विवि पालमपुर से एग्रीकल्चर इकॉनोमिक्स प्रोफेसर डा. जगतार गुलेरिया का तबादला विवि के अनुसंधान केंद्र सलूणी (चंबा) हुआ था, लेकिन डा. जगतार सलूणी में ज्वाइन करने के बजाए सीधे ट्रांसफर ऑर्डर को लेकर हाईकोर्ट में चले गए थे। लिहाजा, न्यायालय से तथ्यों के मद्देनजर यह आदेश रद्द हो गए हैं। डा. जगतार गुलेरिया के अधिवक्ता अश्वनी शर्मा ने कहा कि उनका तबादला नियमों से हट कर किया गया था, जो हाईकोर्ट से रद्द हुआ है। विवि में डा. जगतार के आदेशों को लेकर तीन सदस्यीय ट्रांसफर कमेटी की सिफारिश ही नहीं हुई थी। जबकि, ट्रांसफर रोस्टर में भी वरिष्ठता के हिसाब से इनका नंबर नहीं आता था। यही नहीं जहां इनका तबादला सलूणी अनुसंधान केंद्र में किया गया था, वहां पर एग्रीकल्चर इकॉनोमिक्स का पद ही नहीं था। जिस पर न्यायालय ने विवि प्रशासन को रिकार्ड समेत तलब किया। उसके बाद हाईकोर्ट के आदेशों पर कृषि विवि ने डा. जगतार गुलेरिया के ट्रांसफर ऑर्डर रद्द कर दिए हैं। उन्होंने 11 दिसंबर को कृषि विवि में ज्वाइन कर लिया है।

Related posts