कृषि कानून वापस ले सरकार, देश के लिए किसान और जवान जरूरी : गुलाम नबी आजाद

कृषि कानून वापस ले सरकार, देश के लिए किसान और जवान जरूरी : गुलाम नबी आजाद

नई दिल्ली
नए कृषि कानून को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में 70 दिन से किसान आंदोलन जारी है। इस कड़ाके की सर्दी में किसानों के मुद्दे ने बजट सत्र का माहौल गरमा दिया है। बजट सत्र के तीसरे दिन भी राज्यसभा में किसानों के मुद्दे पर हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की। हालांकि कुछ देर बाद किसानों के मुद्दे पर चर्चा के लिए सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बन गई। फिलहाल राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा जारी है।

आजाद ने पीएम के सामने बड़े टिकैत की दी मिसाल
राज्यसभा में कांग्रेस नेता गुलाम नबी ने कहा कि सरकार को तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। राज्यसभा में पीएम मोदी के सामने आजाद ने ‘बड़े टिकैत’ की मिसाल दी और कहा कि किसानों के सामने तो ब्रिटिश सरकार भी झुक गई थी।
11:47 AM, 03-FEB-2021
कांग्रेसी नेता बोले, किसानों से लड़कर कुछ नहीं मिलेगा
राज्यसभा में कांग्रेस नेता गुलाम नबी ने कहा कि  पहले भी किसानों के लिए कानून बनाए गए, जिन्हें किसानों ने  पसंद नहीं किया, तो उन्हें वापस लिया गया, तो जब इस बार किसान कृषि कानूनों को पसंद नहीं कर रहे हैं, तो सरकार को वापस लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के लिए किसान और जवान जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की सुननी चाहिए, उनसे लड़ना नहीं चाहिए। लड़ना है, तो पाकिस्तान और चीन से लड़ो किसानों से नहीं। किसानों से लड़कर कुछ नहीं मिलेगा।
11:31 AM, 03-FEB-2021
भाजपा ने हिंदू मंदिरों पर हमलों का मामला राज्यसभा में उठाया
भाजपा ने राज्यसभा में आंध्र प्रदेश में मंदिरों पर हमलों का मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से इस संबंध में उचित कार्रवाई का आग्रह किया। भाजपा सदस्य जीवीएल नरसिम्हा राव ने उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए दावा किया कि पिछले 19 महीनों में आंध्र प्रदेश में हिन्दू मंदिरों पर हमले, उन्हें तोड़ने व मूर्तियों को अपवित्र करने और इसी प्रकार के अपराधों से संबंधित 140 मामले सामने आए हैं।
10:50 AM, 03-FEB-2021
राज्यसभा में पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा पहुंचे हैं।
10:23 AM, 03-FEB-2021
संजय सिंह समेत आप सांसदों को मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया
राज्यसभा में बुधवार को आम आदमी पार्टी के तीन सदस्यों संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता को सदन की कार्यवाही बाधित करने पर दिन भर के लिए निलंबित कर दिया गया। बाद में उन्हें मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया।
09:58 AM, 03-FEB-2021
किसानों के मुद्दों पर राज्यसभा में होगी चर्चा
राज्यसभा में किसानों के मुद्दे पर साढ़े 14 घंटे तक चर्चा होगी। सरकार और विपक्ष में सहमति बन चुकी है।
09:56 AM, 03-FEB-2021
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव राज्यसभा में पेश
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव राज्यसभा में पेश। असम से भाजपा सांसद भुवनेश्वर कलिता ने चर्चा की शुरुआत की।
09:48 AM, 03-FEB-2021
संजय सिंह समेत तीन सांसद दिन भर के लिए निलंबित
राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने सदन की कार्यवाही को बाधित करने पर आम आदमी पार्टी के सदस्य संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एन डी गुप्ता को दिन भर के लिए निलंबित किया, बैठक करीब पांच मिनट के लिए स्थगित ।
09:46 AM, 03-FEB-2021
राज्यसभा में उठा पत्रकारों पर राजद्रोह के मामले दर्ज करने का मुद्दा
कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों, सोशल एक्टिविस्टों पर राजद्रोह की धाराओं के तहत मामले दर्ज कराने का मुद्दा उठाया। सभापति वेंकैया नायडू ने आप सांसद संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एन डी गुप्ता का नाम लेकर कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की।
09:40 AM, 03-FEB-2021
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित। आप सांसद संजय सिंह ने वेल में आकर नारेबाजी की।
 
09:32 AM, 03-FEB-2021
मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भड़के सभापति
सदन के भीतर मोबाइल फोन उपयोग पर सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि यह सदन की कार्यवाही चलाने के नियमों का उल्लंघन है।

09:23 AM, 03-FEB-2021
सभापति ने दी सांसदों को नसीहत
सभापति ने सांसदों को नसीहत देते हुए कहा कि कार्ड डिस्प्ले करना या फिर कोई आपत्तिजनक काम करना सदन में उचित नहीं है।
09:12 AM, 03-FEB-2021
कृषि कानूनों पर चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष
विपक्ष किसानों के मुद्दों पर चर्चा के लिए अड़ा हुआ है। 

09:02 AM, 03-FEB-2021
राज्यसभा की कार्यवाही शुरू
राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है।
 
08:57 AM, 03-FEB-2021
बसपा, टीएमसी सहित कई पार्टियों ने दिया नोटिस
कांग्रेस पार्टी के अलावा बसपा, सीपीआई, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, सीपीआई (एम) ने भी किसानों के मुद्दे पर नोटिस दिया है।
08:49 AM, 03-FEB-2021
किसान आंदोलन पर चर्चा के लिए नोटिस
कांग्रेस सांसद गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा ने नए कृषि कानून और किसान आंदोलन को लेकर राज्यसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। 

08:18 AM, 03-FEB-2021
राज्यसभा में बोले गुलाम नबी- कृषि कानून वापस ले सरकार, देश के लिए किसान और जवान जरूरी
नए कृषि कानून को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में 70 दिन से किसान आंदोलन जारी है। इस कड़ाके की सर्दी में किसानों के मुद्दे ने बजट सत्र का माहौल गरमा दिया है।  मंगलवार को संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के हंगामा के चलते राज्यसभा को चार बार और लोकसभा को दो बार स्थगित करना पड़ा। वहीं बजट सत्र के तीसरे दिन आज राज्यसभा में किसानों के मुद्दे पर चर्चा होनी है, जिसमें विपक्ष के फिर से हंगामा करने के आसार नजर आ रहे हैं। 

Related posts