
शाहतलाई (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के एक कर्मचारी पर अज्ञात लोगों ने हमला बोल दिया। कूड़ा फेंकने गए नगर परिषद के चालक पर अज्ञात लोगों ने हमला करते हुए उसे बुरी तरह से पीट डाला। इससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में अपना इलाज करवाना पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने हमला करने वालों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में नप घुमारवीं के चालक रूप लाल ने बताया कि वह सोमवार को वह नगर परिषद की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी लेकर गया था। कूड़ा फेंकने के बाद वह बरड़ मोड़ पर गाड़ी मोड़ रहा था कि अचानक कुछ लोगों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। चार-पांच युवाओं ने मिलकर उसकी जमकर धुनाई कर डाली। इससे उसके सिर, बाजू में गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए घुमारवीं अस्पताल लेकर जाना पड़ा। पुलिस उप अधीक्षक अंजनी जस्वाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। उसका मेडिकल करवाया जा रहा है। अभी तक हमला करने वालों का पता नहीं चल सका है। इसकी छानबीन की जा रही है। फिलहाल भादंसं की धारा 353, 332 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
