कुल्लू शहर की हर गली होगी रोशन

कुल्लू। दशहरा उत्सव के दौरान कुल्लू शहर की हर गली चमक उठेगी। उत्सव को लेकर इंतजाम में जुटे विद्युत बोर्ड के अधिकारियों का दावा है कि हर गली को रोशन किया जाएगा। दशहरा उत्सव में आने जाने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए हर गली में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगवाई जा रही हैं। हालांकि दशहरा पर्व की दूसरी बैठक में नप उपाध्यक्ष ने कुछ जगहों पर बिजली की समस्या रहने की बात कह कर यहां उचित व्यवस्था की मांग की थी। इस पर बोर्ड ने उन स्थलों को चिन्हित कर वहां भी स्ट्रीट लाइटें लगाने का फैसला लिया है।
विद्युत बोर्ड कुल्लू के अधीक्षण अभियंता प्रवेश ठाकुर ने कहा कि दशहरा उत्सव में बिजली की समस्या न हो इस स्तर पर बोर्ड ने अभी से काम करना शुरू कर दिया है। कहा कि दशहरा मैदान, प्रदर्शनी मैदान, कलाकेंद्र और रथ मैदान सहित अन्य जगहों पर ठहरने वाले देवी-देवताओं के शिविरों में लाइट का उचित प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्युत लाइनों, स्ट्रीट लाइटों और विद्युत बल्बों तथा ट्यूब लाइटों को लगाने का कार्य दशहरा उत्सव से पहले खत्म कर लिया जाएगा। बोर्ड इस पर पूरी इमानदारी के साथ काम करने में जुटा है।

Related posts