
कुल्लू। एसएसबी प्रशिक्षित स्वयंसेवी गुरिल्ला संगठन कुल्लू ने सोमवार को ढालपुर में मासिक रैली का आयोजन किया। रैली की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा ने की। रैली ढालपुर मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक निकाली गई। इस दौरान उपायुक्त के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री को मांग पत्र भेजा गया। रैली में अखिल भारतीय संगठन के मुख्य सलाहकार प्रीतम सिंह ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों तथा सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में हुई बैठक में महानिदेशक ने मांगों को सिरे चढ़ाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि महानिदेशक ने संगठन के मुखियाओं से प्रशिक्षित गुरिल्लाओं की सत्यापित सूचियां मांगी हैं। सलाहकार प्रीतम ठाकुर ने इस बात पर अफसोस जाहिर किया है कि हिमाचल प्रदेश संगठन के कुछ पदाधिकारी गुरिल्लाओं को दोबारा कोर्ट में केस करके उनका हक दिलाने की बात करके उनसे पैसा वसूल रहे हैं, जो सरासर गलत है। उन्होंने ऐसे पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि वे इस तरह का कार्य न करें। उन्होंने कहा कि माननीय हिमाचल उच्च न्यायालय व गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने गुल्लिाओं को सुविधाएं देने का सुझाव सरकार को दिया है। उन्होंने गुरिल्लाओं से एकजुटता का आग्रह किया। इस मौके पर जिला महिला अध्यक्ष मीना शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रूप चंद राणा, सचिव बहादुर सिंह, राज्य सचिव व नग्गर सर्कल के प्रधान चुन्नी लाल, कुल्लू सर्कल प्रधान अनूप राम, कोषाध्यक्ष दयाल सिंह, गड़सा प्रधान डोला सिंह, सैंज प्रधान किशोरी लाल, संगीता, भुवनेश्वरी, बबली शर्मा, जय चंद, इंद्रा देवी, मैना देवी के अलावा भारी संख्या में गुरिल्लाओं ने भाग लिया।
