कुल्लू दशहरा में आ सकते हैं पीएम मोदी : सीएम जयराम

कुल्लू दशहरा में आ सकते हैं पीएम मोदी : सीएम जयराम

कुल्लू
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुल्लू दशहरा में आ सकते हैं। शुक्रवार को कुल्लू के ढालपुर में सीएम जयराम ने 26 करोड़ के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण प्रदेश का विकास करना आसान नहीं था। आज प्रदेश जहां पहुंचा है उसमें सब लोगों का सहयोग रहा है। कोविड संकट की स्थिति में भाजपा सरकार ने आज तक सबसे ज्यादा विकास किया है। विकास के आंकड़े बोल रहे हैं।

बेरोजगारी के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। जो बेरोजगार यात्रा निकाल रहे हैं, वह बताएं उन्होंने 50 साल में क्या किया। कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है और दूसरी तरफ कांग्रेस छोड़ो अभियान चल रहा है। देश भर में रिवाज बदला है तो हिमाचल में भी बदलेगा। हमारा तंबू दिल्ली में लगा है और हिमाचल में 20 तक तंबू लगा रहेगा। तंबू तो कांग्रेस का उखड़ चुका है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस कह रही है जब हम आएंगे तो महिलाओं को 1500 रुपये देंगे। हिमाचल अपने पैरों पर खड़ा है, इसलिए इसका निर्णय हम लेंगे। आप पार्टी का नाम लिए बिना सीएम ने कहा कि हिमाचल में गाली-गलौज की राजनीति नहीं चलेगी। भुभू टनल को लेकर प्रक्रिया चल रही है। बिजली महादेव रोपवे सैलानियों के लिए बेहतर विकल्प है। इससे पर्यटन को पंख लगेंगे।

Related posts