
धर्मशाला। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी सुरजीत भरमौरी ने कहा कि आने वाले समय में छात्र संघ के चुनाव आने वाले हैं। विश्वविद्यालय शिमला के कुलपति ने बयान दिया है कि छात्र संघ के चुनाव नहीं होंगे। संघ इनके बयान की निंदा करता है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है। इसका हनन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव को दिल्ली विश्वविद्यालय की तर्ज पर करवाने के लिए विवि के ईसी और प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा। कहा कि एनएसयूआई छात्र संघ चुनाव के लिए पूरी तरह से ताकत झोंकेगी। कांग्रेस हाईकमान के निर्देशानुसार जिस तरह से प्रदेश में निष्क्रिय ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और पदाधिकारियों को हटाया गया है, उसी तर्ज पर एनएसयूआई के निष्क्रिय पदाधिकारियों पर भी गाज गिरने की तैयारी पूरी हो चुकी है। 30 जून से दो जुलाई तक एनएसयूआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक में पूरे देश से प्रदेशाध्यक्ष और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गतिशील पदाधिकारियों को बुलाया गया है। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय सचिव और जेएंड के, उत्तराखंड के प्रभारी अमित पठानिया ने कहा कि विवि शिमला में खाली पड़े पदों को शीघ्र भरा जाए। इससे छात्रों छात्रों को पढ़ाई करने में सुविधा मिलेगी। वहीं, कर्मचारियेां को भी काम निपटाने में सुविधा मिलेगी।
