
मंडी। भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के तहत पहली बार मंडी में दो जिला अध्यक्ष पदों के लिए लाबिंग शुरू हो गई है। अध्यक्ष पद के दावेदार अप्रत्यक्ष रूप से जिले के वरिष्ठ पार्टी नेताओं से सिफारिश करने में जुटे हैं। अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति बनाने के लिए जिले के दिग्गज नेताओं की अहम भूमिका होगी। संगठनात्मक दृष्टि से बनाए गए मंडी व सुंदरनगर जिले में अध्यक्ष पद की ताजपोशी पहली मार्च को होगी। पार्टी के वर्तमान व पूर्व विधायक भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं।
भाजपा हाईकमान ने विरोध के बावजूद भी मंडी में दो संगठनात्मक जिलों का गठन किया है। दस मंडलों को दो अलग-अलग जिलों में विभाजित किया गया। इसमें मंडी जिले में जोगिंद्रनगर, मंडी, द्रंग, बल्ह व सिराज मंडल को शामिल किया गया, जबकि सुंदरनगर जिले में करसोग, धर्मपुर, नाचन, सुंदरनगर व सरकाघाट मंडल होंगे। दोनों जिलों में पहली मार्च को अध्यक्ष पद की ताजपोशी की जाएगी। दोनों जिलों में अध्यक्ष पद पर कई पार्टी नेताओं ने अपनी दावेदारी जताई है।
मंडी जिला अध्यक्ष पद के लिए कश्मीर सिंह राजपूत, लाल सिंह देशबंधु, कन्हैया लाल, हेम पाल राणा, मोहन लाल जोशी, जवाहर ठाकुर व प्रवीण शर्मा के नाम चरचाओं में हैं, जबकि सुंदरनगर जिले से विधायक कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, राकेश जम्बाल, पूर्व विधायक हीरा लाल, वेद प्रकाश की दावेदारी सामने आ रही है।
मंडी जिले में अध्यक्ष पद बनाने में सिराज से विधायक जय राम ठाकुर, जोगिंद्रनगर के विधायक गुलाब सिंह ठाकुर की अहम भूमिका है, जबकि सुंदरनगर जिले में धर्मपुर के विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर, निवर्तमान जिला अध्यक्ष दिले राम, सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह की सहमति से अध्यक्ष की ताजपोशी हो सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक दोनों जिलों में अध्यक्ष पद की ताजपोशी से पहले जिले के वरिष्ठ पार्टी नेताओं की बैठक हो सकती है। इसमें अध्यक्ष पद पर आम सहमति बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
