
देहरागोपीपुर/संसारपुरटैरेस (कांगड़ा)। तहसील जसवां के गांव काहनपुर में तेज गति से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया है। पुलिस के मुताबिक काका राम (38) पुत्र दया राम निवासी काहनपुर तहसील जसवां वीरवार रात करीब पौने 11 बजे संसारपुर टैरेस से घर लौट रहा था। काहनपुर गांव के पास ट्रक की गति तेज होने के कारण एक तीखे मोड़ पर पलट गया और जमीन पर पड़े शहतूत के पेड़ पर गिर गया। हादसे में पेड़ की टहनी चालक काका राम के शरीर में घुस गई। जिससे ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। रात को वाहन के टकराने की आवाज सुनकर घटनास्थल के साथ लगते घरों से लोग मौके पर पहुंचे। मदद के लिए पहुंचे हरनाम सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर ट्रक चालक को देखा तो उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हरनाम सिंह ने इसकी जानकारी संसारपुर टैरेस पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। एसएचओ देहरा धर्मपाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की आरंभिक कारणों से पता चलता है कि ट्रक की गति तेज होगी।
